IND vs ENG: जडेजा ने पांच विकेट झटके,टीम इंडिया की टेस्ट में सबसे बड़ी जीत, 434 रन से जीता तीसरा मुकाबला…

IND vs ENG 3rd Test Day 4 Highlights: भारत ने इंग्लैंड को राजकोट में तीसरे टेस्ट मैच में 434 रन से हरा दिया है। टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 445 रन बनाए थे। इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन पर सिमटी। भारत ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 430 रन बनाए और पारी घोषित कर दी। इंग्लैंड को 557 रन का लक्ष्य मिला था। जवाब में इंग्लिश पारी 122 रन पर सिमट गई।

भारत ने इंग्लैंड को 434 रन से हराया

भारत ने तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड को 434 रन से हरा दिया है। राजकोट में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड को 557 रन का लक्ष्य मिला था। जवाब में इंग्लैंड की टीम 122 रन पर सिमट गई। मार्क वुड को छोड़कर इंग्लैंड का कोई बल्लेबाज 20 का आंकड़ा भी नहीं छू सका। वुड ने 15 गेंद में 33 रन बनाए। वहीं, भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने पांच विकेट झटके। इसके अलावा कुलदीप को दो विकेट मिले। बुमराह और अश्विन को एक-एक विकेट मिला। भारत ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। हैदराबाद में पहला टेस्ट इंग्लैंड ने जीता था, वहीं विशाखापत्तनम में दूसरा टेस्ट भारत ने जीता था।

भारत ने राजकोट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 445 रन बनाए थे। वहीं, इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन पर समाप्त हुई थी। पहली पारी के आधार पर भारत को दूसरी पारी में 126 रन की बढ़त मिली थी। अपनी दूसरी पारी भारत ने चार विकेट पर 430 रन बनाकर घोषित कर दी थी। कुल बढ़त 556 रन की हुई। 557 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लिश पारी 122 रन पर सिमट गई। सीरीज का चौथा मुकाबला 23 फरवरी से रांची में खेला जाएगा।

रनों के अंतर से टीम इंडिया की सबसे बड़ी जीत

जीत का अंतर

434 रन इंग्लैंड राजकोट 2024

372 रन न्यूजीलैंड वानखेड़े 2021

337 रन दक्षिण अफ्रीका दिल्ली 2015

321 runs न्यूजीलैंड इंदौर 2016

320 runs ऑस्ट्रेलिया मोहाली 2008

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को नौवां झटका

इंग्लैंड को 91 के स्कोर पर नौवां झटका लगा। अश्विन ने टॉम हार्टले को बोल्ड किया। वह 16 रन बना सके। इसी के साथ अश्विन का यह टेस्ट में 250वां बाएं हाथ का शिकार रहा। भारत जीत से एक कदम दूर है।

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को आठवां झटका

82 के स्कोर पर इंग्लैंड को आठवां झटका लगा। जडेजा ने बेन फोक्स को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। वह 16 रन बना सके। फिलहाल मार्क वुड और टॉम हार्टले क्रीज पर हैं। जडेजा की यह चौथी सफलता रही।

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को सातवां झटका

इंग्लैंड को 50 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। रेहान अहमद को कुलदीप ने सिराज के हाथों कैच कराया। वह खाता नहीं खोल सके। कुलदीप ने इससे पहले बेन स्टोक्स को पवेलियन भेजा था। वहीं, जडेजा पोप, रूट और बेयरस्टो को आउट कर चुके हैं। भारतीय खिलाड़ी आज ही मैच खत्म करना चाहते हैं।

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को छठा झटका

इंग्लैंड को 50 के ही स्कोर पर छठा झटका लगा। भारतीय गेंदबाज कहर बरपा रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि टीम इंडिया ने आज ही मैच खत्म करने की ठान ली है। कुलदीप यादव ने कप्तान बेन स्टोक्स को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 15 रन बना सके। इससे पहले रवींद्र जडेजा ने ओली पोप (3), जो रूट (7) और जॉनी बेयरस्टो (4) को पवेलियन भेजा था। बुमराह ने क्राउली (11) को आउट किया था। इंग्लैंड को अब भी 507 रन की जरूरत है।

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को पांचवां झटका

इंग्लैंड को 50 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। रवींद्र जडेजा की फिरकी में इंग्लिश बल्लेबाज फंस गए हैं। उन्होंने तीन विकेट ले लिए हैं। जडेजा ने ओली पोप, जॉनी बेयरस्टो और अब जो रूट को पवेलियन भेजा है। पोप तीन रन, बेयरस्टो चार रन और रूट सात रन बनाकर आउट हुए। क्राउली 11 रन और डकेट छह रन बनाकर पवेलियन लौटे थे।

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को चौथा झटका

इंग्लैंड को 28 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। जडेजा ने पोप को आउट करने के बाद अब आउट ऑफ फॉर्म जॉनी बेयरस्टो को पवेलियन भेजा। बेयरस्टो चार रन बना सके। फिलहाल जो रूट और कप्तान बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं।

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को तीसरा झटका

20 के स्कोर पर इंग्लैंड को तीसरा झटका लगा। जडेजा ने ओली पोप को स्लिप में रोहित के हाथों कैच कराया। वह तीन रन बना सके। इंग्लिश टीम मुश्किलों में दिख रही है। फिलहाल जॉनी बेयरस्टो और जो रूट क्रीज पर हैं। चायकाल के बाद अश्विन भी मैदान पर लौट आए हैं। इससे टीम इंडिया की गेंदबाजी को मजबूती मिली है। वह तीसरे दिन नहीं दिखे थे और चेन्नई घर लौट गए थे। उनकी मां की तबीयत खराब थी।

IND vs ENG Live: दूसरे विकेट के साथ ही चायकाल

इंग्लैंड को दूसरी पारी में 18 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। जसप्रीत बुमराह की गेंद पर जैक क्राउली एल्बीडब्ल्यू आउट हुए। इसके बाद वापस पवेलियन वापस लौटते समय क्राउली अंपायर धर्मसेना को कुछ कहते देखे गए। इस पर धर्मसेना ने भी पलट कर जवाब दिया। दरअसल, क्राउली का आउट होना रिव्यू में अंपायर्स कॉल था। क्राउली के आउट होते ही चायकाल का एलान किया गया। इंग्लैंड की टीम मुश्किल में दिख रही है। ओली पोप नाबाद हैं। भारत ने 557 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य दिया है। टीम को अभी भी 539 रन की जरूरत है। डकेट को जुरेल ने रन आउट किया था, जबकि एक विकेट बुमराह को मिला।

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को पहला झटका

इंग्लैंड को 15 के स्कोर पर पहला झटका लगा। विकेटकीपर ध्रुव जुरेल की शानदार फील्डिंग की बदौलत भारत ने डकेट को रन आउट किया। डकेट चार रन बना सके। फिलहाल जैक क्राउली और ओली पोप क्रीज पर हैं।

IND vs ENG : भारत ने पारी घोषित की

भारत ने दूसरी पारी चार विकेट पर 430 रन बनाकर घोषित कर दी। इस तरह इंग्लैंड को 557 रन का लक्ष्य मिला है। भारत ने अपनी पहली पारी में 445 रन बनाए थे, जबकि इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन पर समाप्त हुई थी। टीम इंडिया को 126 रन की लीड मिली थी। दूसरी पारी में 430 रन यानी कुल बढ़त 556 रन की हुई। यशस्वी जायसवाल 236 गेंद पर 14 चौके और 12 छक्के बनाकर नाबाद रहे। वहीं, सरफराज ने 72 गेंद में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 68 रन की पारी खेली। दोनों के बीच नाबाद 158 गेंद में 172 रन की तूफानी साझेदारी हुई। इतना बड़ा लक्ष्य कभी टेस्ट इतिहास में चेज नहीं हुआ है। ऐसे में ‘बैजबॉल’ के लिए प्रसिद्ध इंग्लिश टीम चेज के लिए जाएगी या टेस्ट ड्रॉ कराने जाएगी यह देखना दिलचस्प होगा। इससे पहले भारत की दूसरी पारी में आज शुभमन गिल 91 रन और कुलदीप यादव 27 रन बनाकर आउट हुए थे। वहीं, शनिवार को रोहित शर्मा 19 रन और रजत पाटीदार खाता खोले बिना आउट हुए थे। इंग्लैंड की ओर से रूट, हार्टले और रेहान को एक-एक विकेट मिला। अश्विन भी आज टीम इंडिया से जुड़ जाएंगे। ऐसे में इंग्लैंड के लिए परिस्थिति आसान नहीं रहने वाली है। फिलहाल इंग्लैंड के ओपनर्स बेन डकेट और जैक क्राउली क्रीज पर हैं।

IND vs ENG : यशस्वी का दोहरा शतक, सरफराज की फिफ्टी

यशस्वी ने लगातार दूसरे टेस्ट में दोहरा शतक जड़ा है। इससे पहले विशाखापत्तनम टेस्ट की पहली पारी में भी यशस्वी ने 209 रन बनाए थे। अब उन्होंने एक बार फिर दोहरा शतक लगाकर बता दिया है कि उन्हें क्यों आने वाले समय का स्टार माना जा रहा है। वह फिलहाल 213 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, सरफराज ने डेब्यू टेस्ट की लगातार दूसरी पारी में अर्धशतक जड़ा। पहली पारी में वह 62 रन बनाकर रन आउट हुए थे। वह फिलहाल 51 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत का स्कोर चार विकेट पर 412 रन है। वहीं, बढ़त 538 रन की हो चुकी है। दोनों के बीच 154 रन की साझेदारी हो चुकी है।

IND vs ENG : एंडरसन की गेंद पर लगातार तीन छक्के

यशस्वी ने भारत की दूसरी पारी के 85वें ओवर में लगातार तीन गेंदों पर लगातार तीन छक्के लगाए। भारत का स्कोर चार विकेट पर 350 रन के पार है। वहीं, लीड 480 से ज्यादा रन की हो चुकी है।

IND vs ENG : यशस्वी के 150 रन पूरे

दूसरे सत्र के खेल की शुरुआत हो चुकी है। यशस्वी के 150 रन पूरे हो चुके हैं। भारत ने 325 से ज्यादा रन बना लिए हैं। फिलहाल भारत की लीड 450 से ज्यादा रन की हो गई है।

IND vs ENG : लंच ब्रेक

चौथे दिन लंच ब्रेक तक भारत ने चार विकेट गंवाकर 314 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 149 रन और सरफराज 22 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों ने तूफानी बल्लेबाजी की है और 62 गेंद में 56 रन की साझेदारी कर ली है। टीम इंडिया की कुल बढ़त अब तक 440 रन की हो चुकी है। भारत ने पहली पारी में 445 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन पर समाप्त हुई थी। भारत को 126 रन की बढ़त मिली थी।

भारत ने रोहित शर्मा (19) और रजत पाटीदार (0) का विकेट शनिवार को ही गंवा दिया था। वहीं, शुभमन गिल के साथ 155 रन की साझेदारी करने के बाद यशस्वी जायसवाल कमर में दर्द की वजह से रिटायर्ड हर्ट हुए थे। आज रविवार को शुभमन गिल के रूप में भारत को पहला झटका लगा। वह रन आउट हो गए और शतक से नौ रन से चूक गए। गिल 91 रन बना सके। उन्होंने कुलदीप यादव के साथ 55 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद यशस्वी मैदान पर आए। कुछ देर के आराम के बाद आज वह फिट दिख रहे हैं। कुलदीप ने 27 रन की छोटी मगर उपयोगी पारी खेली। इसके बाद से यशस्वी और सरफराज ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *